सोनभद्र। फरवरी से यूपी बोर्ड की परीक्षा शुरू होने जा रही है। 71 परीक्षा केंद्रों पर 48312 हाईस्कूल एवं इंटर के परीक्षार्थी परीक्षा देंगे लेकिन अभी करीब 45 केंद्रों पर वाइस रिकार्डिंग मशीन नहीं लग सकी है। जिन केंद्रों पर मशीन लग गई है वहां के प्रभारियों ने भी रिपोर्ट डीआईओएस कार्यालय को नहीं दी है। इसे गंभीरता से लेते हुए प्रभारी डीआईओएस ने सभी केंद्र प्रभारियों को चेतावनी पत्र जारी किया है। 15 जनवरी तक सभी को मशीनों को लगवा कर रिपोर्ट देनी है। निर्धारित समयसीमा के भीतर रिपोर्ट न देने वालों के खिलाफ कार्यवाही होगी।
बतादें कि सात फरवरी से यूपी बोर्ड की परीक्षा शुरू हो रही है। परीक्षा के लिए राबर्ट्सगंज, दुद्धी और घोरावल तहसील क्षेत्र में 71 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केेद्रों पर हाईस्कूल के 29425 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इसमें 14304 छात्र और 15121 छात्राएं हैं। वहीं इंटर में 18887 परीक्षार्थी हैं। इनमें 8208 छात्र और 10679 छात्राएं हैं। परीक्षा केंद्रों पर चहारदीवारी बनने, सीसी कैमरा, वायस रिकार्डर लगने, बिजली, शुद्ध पेयजल, परीक्षार्थियों को बैठने के लिए टेबल आदि की रिपोर्ट केंद्र प्रभारियों को देनी है। लेकिन अभी तक बहुत से परीक्षा केंद्रों पर मानक के अनुसार तैयारी नहीं की गई है। अधिकतर परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे तो लगा दिए गए हैं लेकिन अभी तक करीब 45 केंद्रों पर वाइस रिकार्डर नहीं लगाया जा सका है जबकि परीक्षा शुरू होने में एक माह से भी कम समय रह गया है। प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक रामशरण द्विवेदी ने कहा कि सभी केंद्र प्रभारियों को चेतावनी पत्र जारी करते हुए 15 जनवरी तक वाइस रिकार्डर लगवाते हुए रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। शासन के मंशानुसार परीक्षा कराने की तैयारी पूर्ण कर ली गई है।