सोनभद्र। अपना दल (एस) से दुद्धी विधायक हरिराम चेरो पर खोखा बालू साइट पर खनन में अवरोध डालने और इसके एवज में नि:शुल्क बालू और रुपये मांगने का आरोप लगाया गया है। पट्टाधारक मेसर्स सूरज बिल्डर्स के प्रबंधक ने मुख्यमंत्री के पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। इस पर जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उधर, पार्टी के जिलाध्यक्ष सत्यनारायण पटेल ने कहा कि विधायक पर गलत आरोप लगाया जा रहा है। विधायक से इस बारे में बात नहीं हो सकी।
शिकायत में कहा गया है कि मेसर्स सूरज बिल्डर्स, लखनऊ को प्रदेश सरकार से बालू खनन हेतु खोखा में पांच वर्ष के लिए पट्टा मिला है। आरोप लगाया है कि सरकार की नीति के अनुरूप कार्य करने के बाद भी क्षेत्रीय विधायक हरिराम चेरो द्वारा निरंतर बाधा उत्पन्न की जा रही है। उनके साथियों द्वारा प्रतिदिन मौके पर कार्य बाधित करने की चेष्टा की जाती है। विधायक की अपेक्षाएं पूरा करने के लिए धमकाया जाता है। पूर्व में डीएम-एसपी को भी इसकी जानकारी दी गई थी। उनकी ओर से सुरक्षा दिलाने के बाद कार्य ठीक से चल रहा था। इधर, एक माह से विधायक के साथियों द्वारा निरंतर नि:शुल्क बालू और एक लाख रुपये प्रतिदिन नकद की मांग की जा रही है। उपलब्ध न कराने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही है।
30 दिसंबर को विधायक ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर खोखा बालू साइट पर अवैध खनन और मशीन प्रयोग करने की शिकायत की थी। 19 और 21 दिसंबर को विधानसभा में सवाल उठाकर अफसरों को जिम्मेदार ठहराया था।