जिले में बुधवार को तीनों तहसीलों में तहसील दिवस पर समस्याएं सुनी गईं। इसमें कुल 115 में से 20 का मौके पर शिकायतों का ही निस्तारण हो सका। दुद्धी में तहसील दिवस की अध्यक्षता कर रहे डीएम सीबी सिंह ने अमवार मार्ग पर हो रहे इंटरलाकिंग कार्य रुकवा दिया। एक अधिवक्ता ने नगर पंचायत पर इंटरलाकिंग काम में मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया था। इस दौरान अनुपस्थित आठ अधिकारियों का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
दुद्धी में डीएम सीबी सिंह और एसपी रामलाल वर्मा के समक्ष कुल 61 शिकायती पत्र आए। इसमें से 13 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया। बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिल यदि गलत है तो उसे सही करते हुए बिजली बिल भुगतान लेना चाहिए। भूमि विवाद, कनहर परियोजना और पेयजल के मुद्दे छाया रहा। एक अधिवक्ता ने की शिकायत पर डीएम ने अमवार मार्ग पर इंटरलाकिंग का निर्माण रुकवा दिया।
अमवार के काली मंदिर से खजुरी तक नगर पंचायत से करीब एक करोड़ की लागत से पटरी का निर्माण कराया जा रहा है, जबकि इस मार्ग का चौड़ीकरण होना है। डीएम ने तहसील दिवस में न पहुंचने वाले जिला पूर्ति अधिकारी, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी, पीओ डूडा, जिला कृषि अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी और उप श्रमायुक्त पिपरी का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
उधर राबट्र्सगंज में एसडीएम कैलाश सिंह ने लोगों की शिकायत सुनी। यहां कुल 32 शिकायतों में से पांच का निस्तारण हुआ। घोरावल संवाददाता के मुताबिक एसडीएम गिरजाशंकर सिंह ने जन सुनवाई की। यहां 20 में से दो शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।