बभनी। क्षेत्र के सागोबांध में सरकारी विद्यालय के पास संचालित शराब और बीयर की दुकानें दो दिन में हटाने का निर्देश हुआ है। आबकारी निरीक्षक ने बुधवार को निरीक्षण करते हुए यह निर्देश दिया है। यह मामला अमर उजाला ने 23 अक्तूबर के अंक में प्रकाशित किया था।
सागोबांध गांव में कंपोजिट विद्यालय के एक तरफ मदिरा और दूसरी तरफ बियर की दुकान संचालित हो रही है। विद्यार्थियों के अभिभावकों के साथ स्थानीय लोगों ने दोनों दुकानों को हटाने की मांग की थी। विद्यालय के मुख्य गेट से 50 मीटर की दूरी पर अंग्रेजी शराब और बीयर की दुकान चलती थी। जबकि शासन ने विद्यालय एवं धार्मिक स्थल के समीप शराब की दुकान पर पाबंदी लगा रखी है। अभिभावकों तथा ग्रामीणों ने शराब की दुकानों को हटाने के लिए अधिकारियों को पत्र लिखा था, लेकिन नतीजा सिफर रहा। 23 अक्तूबर बुधवार के अंक में अमर उजाला ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया। फिर आबकारी निरीक्षक रविनंदन ने सागोबांध पहुंच कर निरीक्षण किया और शिकायत सही पाई। आबकारी निरीक्षक ने बताया कि दुकानदार को दो दिन में दुकानें वहां से हटा लेने का निर्देश दिया गया है।