ओबरा। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कन्हरा के टोला मझौली में बुधवार को गोताना नदी में डूबने से मासूम की मौत हो गई। वह अपनी दादी को खोजते हुए नदी की ओर गई थी। मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस के अनुसार ग्राम पंचायत कन्हरा के टोला मझौली निवासी नंदूलाल की तीन वर्षीय पुत्री प्रतिज्ञा बुधवार की सुबह अपनी दादी को खोजते हुए गोताना नदी की ओर चली गई। इस दौरान वह अबूझ परिस्थितियों में नदी के पानी में चली गई। नदी में डूबने से उसकी मौत हो गई। काफी देर तक मासूम के न दिखने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की तो नदी में लाश देकर सन्न रह गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।