सोनभद्र। जिला अस्पताल में सोमवार की रात उपचार के दौरान घायल चालक दयाशंकर की मौत हो गई। स्वास्थ्य कर्मियों की सूचना पर राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया।
बता दें कि हाथीनाला थाना क्षेत्र के हथवानी गांव के सामने दुद्धी-हाथीनाला मार्ग पर सोमवार की दोपहर एक ट्रक और बोलेरो की टक्कर हो गई। इस हादसे में बोलेरो सवार दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के मल्देवा गांव में रहने वाले मिर्जापुर निवासी दीपक कुमार (43), उनकी पत्नी माया देवी (38), पुत्र सिद्धार्थ (5), डाली (3), अमरजीत (25) और शाहपुर गांव निवासी चालक दयाशंकर (35) घायल हो गए थे। सीएचसी दुद्धी ले जाते वक्त दीपक की मौत हो गई। जबकि सीएचसी से दयाशंकर समेत चार को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। रात में दयाशंकर भी मौत हो गई। मंगलवार को सदर कोतवाली पुलिस ने दयाशंकर का पोस्टमार्टम करवा कर घरवालों को सुपुर्द कर दिया।