शक्तिनगर। सिंगरौली (मप्र) के डीएम के खिलाफ असंसदीय एवं अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने वाले पूर्व मंत्री बंशमणि प्रसाद वर्मा के खिलाफ जिला प्रशासन ने कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराया है। कोतवाली पुलिस ने पूर्व मंत्री व कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता बंशमणि प्रसाद वर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शुक्रवार को कांग्रेसियों ने बढ़ती महंगाई एवं बिजली की अघोषित कटौती, मनमानी बिल वसूली को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर कलेक्ट्रेट ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे। ज्ञापन लेने जब अपर कलेक्टर डीपी बर्मन पहुंचे तो वहां मौजूद कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री बंशमणि प्रसाद कलेक्टर के खिलाफ असंसदीय भाषाओं का इस्तेमाल करते हुए उल्टा सीधा बोलने लगे। ज्ञापन लेने के बाद एडीएम वापस आ गए। पूर्व मंत्री की असंसदीय भाषा कैमरे में कैद हो गई।
जिला प्रशासन इस मामले में अनजान बना रहा। जैसे ही पूर्व मंत्री के अपशब्द भाषाओं का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ। जिला प्रशासन भी हरकत में आया और कोतवाली पहुंच पूर्व मंत्री बंशमणि प्रसाद वर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। एसपी वीरेंद्र सिंह के मुताबिक जिला प्रशासन की रिपोर्ट पर कांग्रेस पार्टी के नेता व पूर्व मंत्री के खिलाफ संबंधित धाराओं में विवेचना शुरू कर दी गई है।