केकराही। पसही विद्युत उपकेंद्र से आपूर्ति होने वाली करमा व केकराही फीडर का एक इनकमिंग फीडर लगभग एक माह से जला हुआ है। जिसे आज तक नहीं बदला जा सका है। इससे बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है।
क्षेत्र के राम सुभग सिंह, जमालुद्दीन, आजम, संतोष कुमार, चन्द्र कांत, प्रेमनाथ, बसावन, कल्लू, राजेश कुमार, अनिल कुमार आदि उपभोक्ताओं का कहना है कि इनकमिंग फीडर जलने से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। उस समय जेई व एसडीओ ने अस्थाई व्यवस्था बनाकर एक ही फीडर से करमा व केकराही दोनों फीडरों की सप्लाई देना शुरू किया लेकिन दोनों को एक ही फीडर से आपूर्ति होने से अधिक लोड के चलते तथा आये दिन तेज हवा चलने से बिजली प्रभावित रहती है। इससे उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत पेयजल की हो रही है। सभी ने अधिशासी अभियंता का ध्यान आकृष्ट कराते हुए अविलंब लगाए जाने व अलग अलग फीडर से विद्युत आपूर्ति कराने की मांग की है। ताकि रोस्टर के अनुसार उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति हो सके। इस बाबत जेई विनय कुमार गुप्ता ने बताया कि उच्चाधिकारियों को स्टीमेट बनाकर प्रेषित किया गया है। आने के बाद बदल दिया जाएगा।