घोरावल। घोरावल कोतवाली क्षेत्र की एक मूकबधिर किशोरी से कुछ दिन पहले छेड़खानी की घटना हुई थी। पीड़िता के पिता उसे लेकर जब थाने पहुंचे तो उस समय पुलिस ने चुनावी माहौल होने का बहाना बनाकर लौटा दिया। अब सांसद और पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
घोरावल कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसकी 15 वर्षीय मूकबधिर पुत्री 26 अप्रैल को गांव के ही एक दुकान पर कुछ सामान लेने गई थी। वह सामान लेकर लौट रही थी तभी गांव के ही एक व्यक्ति ने रास्ते में हाथ पकड़कर खींचना शुरू कर दिया। उसके साथ छेड़खानी की। उसी रास्ते से गुजर रहे गांव के कुछ लोगों ने किसी तरह से पुत्री को बचाया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। पीड़िता के पिता के मुताबिक जब थाने में तहरीर देने गए तो वहां पुलिस कर्मियों ने बात नहीं सुनी। बाद में सांसद को मामले से अवगत कराया। साथ ही पुलिस अधीक्षक को भी फोन के माध्यम से बताया। तब जाकर बृहस्पतिवार की रात में मुकदमा दर्ज किया गया। कोतवाली पुलिस के मुताबिक पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी दीना के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस संबंध में कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने कहा कि उस समय चुनावी माहौल था। साथ ही पीड़िता के पिता थाने में आए, लेकिन तहरीर दिए बगैर ही वापस चले गए। इसलिए अब मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना की जाएगी।