जांच में 11 नामांकन पत्र किए गए खारिज
िधानसभा चुनाव के लिए जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए भरे गए 65 नामांकन पत्रों की जांच शुक्रवार को हुई। चारों विस सीटों के 11 उम्मीदवारों का नामांकन पत्र खारिज कर दिया गया। अब चुनाव मैदान में 54 प्रत्याशी हैं। वहीं, घोरावल से नामांकन करने वाले लोक गठबंधन पार्टी के प्रत्याशी डॉक्टर अमरनाथ देव पांडेय ने साजिश के तहत उनका नामांकन निरस्त करने की शिकायत मुख्य चुनाव आयुक्त से की है।
जिला निर्वाचन अधिकारी पीके उपाध्याय ने बताया कि घोरावल (400) से 17 प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। इनमें से कमियां मिलने पर लोक गठबंधन पार्टी के प्रत्याशी अमरनाथ देव पांडेय, अपना दल (कृष्णा गुट) के विष्णु प्रसाद सिंह, बलवंत नारायण वर्मा, रामेश्वर का पर्चा खारिज कर दिया गया। यहां अब 13 प्रत्याशी बचे हैं। वहीं (401) राबर्ट्सगंज विस के लिए 22 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे।
नामांकन-पत्रों की जांच के दौरान निर्दल उम्मीदवार सतेंद्र कुमार एवं रामविलास का नामांकन अधूरा पाए जाने पर निरस्त कर दिया गया। अब 20 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। ओबरा (402) (अनुसूचित जनजाति जाति) के लिए 15 प्रत्याशियों ने पर्चा भरा था। जांच के दौरान निर्दल नरेंद्र सिंह, राकेश कुमार सिंह, विजय शंकर यादव, पंकज मिश्रा का नामांकन पत्र खारिज किया गया। यहां 12 उम्मीदवार भाग्य आजमा रहे हैं।
इसी प्रकार से (403) विधानसभा दुद्धी (अनुसूचित जन जाति ) सीट के लिए 11 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। जांच के दौरान निर्दल उम्मीदवार गेंना प्रसाद, चंद्रप्रकाश का नामांकन पत्र खारिज कर दिया गया। नौ प्रत्याशी चुनाव मैदान में ताल ठोक रहे हैं। हालांकि आगामी 22 फरवरी तक नाम वापस होगा।