सोनभद्र। एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह ने बुधवार को उप निबंधक, राबर्ट्सगंज, सहायक आयुक्त स्टांप, तहसील के न्यायालय/कार्यालय तथा विद्युत विभाग के कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान एडीएम ने उपस्थिति पंजिका की भी जांच की। निरीक्षण में विद्युत निगम के एक्सईएन समेत 12 कर्मी अनुपस्थित मिले। एडीएम ने अनुपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने की निर्देश दिया है।
सदर तहसील में सुबह 10.15 बजे एडीएम उपनिंबधक कार्यालय पहुंच कर अधिकारियों और कर्मियों की उपस्थिति देखी। इसके बाद 10.25 बजे एडीएम तहसीलदार के कार्यालय/न्यायालय पहुंचे। इसके बाद 10.35 बजे एडीएम कार्यालय विद्युत वितरण खंड पहुंचे। एडीएम ने बताया कि निरीक्षण में अनुपस्थित मिले एक्सईएन समेत अन्य सभी अधिकारियों एवं कर्मियों का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया गया है। उधर विद्युत वितरण निगम के एक्सईएन ने बताया कि वह विभागीय कार्य से क्षेत्र में गए थे।