उत्पादन निगम अधिकारी एसोसिएशन का ऊर्जा निगमों में 28 फरवरी 2009 के बाद नियुक्त सहायक अभियंताओं का प्रारंभिक वेतनमान 9375 तय करने सहित दस सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन जारी है। शुक्रवार को भी अभियंताओं ने अनशन जारी रखा। कहा कि नौ जुलाई की शाम तक प्रबंधन ने मांगों के प्रति संजीदगी नहीं दिखाई तो सामूहिक अवकाश पर जाने का निर्णय ले लिया जाएगा।
उपाध्यक्ष जामवंत प्रसाद, शैलेष चौरसिया ने कहा कि उत्पादन निगम में उच्च पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया एक्सप्रेस चैनल की बजाय पावर कारपोरेशन लिमिटेड की भांति किए जाने, नए पदों के सृजन, प्रोन्नति करने आदि को लेकर लंबे समय से मांग की जा रही है, लेकिन प्रबंधन कुछ नहीं दे सका है।
क्षेत्रीय सचिव अरविंद चौधरी, वरिष्ठ अधिकारी एके सेठ ने कहा कि एक जुलाई से ही आंदोलन जारी है लेकिन अब तक निगम प्रबंधन एक भी मांग के संबंध में निर्णय नहीं ले सका है। अच्युतेश कुमार, आलोक सिन्हा ने परियोजनाओं के परिचालन एवं अनुरक्षण के लिए धनराशि समय से निर्गत किए जाने, एनटीपीसी एवं अन्य निजी कंपनियों की भॉंति उत्पादन निगम को प्रतिमाह बिजली का भुगतान करने रियायती बिजली सुविधा बहाल करने की मांग उठाई। इस मौके पर इंजीनियर शत्रुघ्न सिंह, राजेश्वर प्रसाद, अनिल यादव, रामशकल सिंह, राम प्रसाद, मनोज कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।
सरकार व बिजली प्रबंधन के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन की शुरूआत करते हुए शहरों को 24 घंटे और ग्रामीण इलाकों को 16 घंटे बिजली देने के मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट को बिजली इंजीनियरों ने ठप करने की धमकी दी है। दस सूत्री मांगों के न पूरा होने से नाराज अभियंता संघ के इंजीनियरों ने आठ जुलाई की शाम से स्थानीय तापीय परियोजना के मुख्य द्वार पर विद्युत परिषद अभियंता संघ के बैनर तले विरोध सभा की।
सभा को संबोधित करते हुए संगठन के क्षेत्रीय सचिव अदालत वर्मा व केंद्रीय उपाध्यक्ष बीएन सिंह ने कहा कि शासन की स्वीकृति मिलने और प्रबंध निदेशक द्वारा आगामी वित्तीय वर्ष में फरवरी 2009 के बाद नियुक्त व प्रोन्नति सहायक अभियंताओं को पांच प्रारंभिक वेतनवृद्धि दिए जाने के आश्वासन के बाद भी अभी तक आदेश पारित नहीं किया गया, जिसे लेकर अभियंताओं में जबरदस्त नाराजगी है।
वर्मा ने कहा कि आंदोलन के प्रथम चरण में विरोध सभा। 14 से 19 जुलाई तक क्षेत्रीय मुख्यालयों पर जनजागरण तथा चतुर्थ चरण में 20 जुलाई को प्रदेश स्तर पर तैनात बिजली अभियंता सामूहिक अवकाश लेकर लखनऊ चलो महारैली में शामिल होंगे। सभा को केंद्रीय संयुक्त सचिव इं. अजय सिंह कटियार, पूर्व क्षेत्रीय सचिव इं. आरपी मल्ल, इं. एलबी यादव आदि ने भी संबोधित किया। सभा में अवधेश सिंह, बीके शाही, आलोक सिंह, विनय दीक्षित, संदीप मद्धेशिया, अकुर, रियाजुद्दीन, केएस मौर्या, उमेश सिंह राणा, पवन वर्मा, योगेश यादव, धीरज वर्मा शामिल रहे।