शक्तिनगर। सीमा से सटे मध्यप्रदेश के सिंगरौली में शनिवार शाम सूखे सेप्टिक टैंक मिले चार युवकों के शवों की शिनाख्त कर ली गई। सभी मृतक जयंत क्षेत्र के रहवासी थे। दो का संबंध जीजा-साले का था। शनिवार देर रात रीवा रेंज के डीआईजी साकेत पांडेय पहुंचे। बताया कि पुलिस हत्या मानकर जांच कर रही है।
सिंगरौली के बरगवां थाना क्षेत्र में स्थित बड़ोखर गांव के एक मकान के सूखे सेप्टिक टैंक में चार युवाओं के शव मिलने से शनिवार को सनसनी फैल गई थी। रात करीब आठ बजे जेसीबी की मदद से गड्ढा कर चारों शवों को बाहर निकाल लिया गया था। इनमें तीन लोगों की देर रात पहचान हो गई। मृतकों में मकान मालिक हरिप्रसाद प्रजापति का बेटा सुरेश प्रजापति (30) निवासी जयंत, सुरेश का दोस्त एनपीसीसी कॉलोनी जयंत निवासी करण साहू (32), करण के साले जोगेंद्र उर्फ पप्पू साहू एवं राकेश कुमार सिंह निवासी दरिया थाना मझौली सीधी हालमुकाम अलंकार भवन के पीछे जयंत के रूप में पहचान हुई। शवों को शनिवार रात ट्रॉमा सेंटर में रखवा दिया गया था। रविवार सुबह सभी का पोस्टमार्टम कराया गया।
-
डीआईजी बोले- हर पहलू की हो रही जांच
शक्तिनगर। घटना की सूचना मिलने के बाद कल देर रात रीवा डीआईजी साकेत पांडेय घटनास्थल पर पहुंचकर मामले के खुलासे में जुट गए हैं। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से कुछ आपत्तिजनक चीज प्राप्त हुई है, इसके विषय में विवेचना की जा रही है। उन्होंने बताया कि घर में कुछ ज्यादा सामान नहीं है और ना ही डकैती हुई है। ऐसे में पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
-
रीवा से पहुंची एफएलएल टीम, साइबर एक्सपर्ट भी जुटे
शक्तिनगर। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित करने के लिए देर रात रीवा से एफएसएल टीम पहुंच गई। घटनास्थल की वीडियोग्राफी कर साक्ष्य जुटाने का कार्य देर रात तक जारी रहा। घटना में एक या ज्यादा लोगों के हाथ होने के एंगल पर साइबर एक्सपर्ट का सहारा लिया जा रहा है।
-
पुलिस के लिए चुनौती
साल की शुरुआत में ही जिले में सामूहिक हत्या का यह मामला पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने टीमें गठित की हैं। अनुविभागीय अधिकारी मोरवा कृष्णा कुमार पांडेय भी बरगवां में डटे हैं। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल दो लोगों के सिर पर चोट के निशान साफ देखे जा सकते हैं। पुलिस हर एंगल से इस मामले की जांच कर रही है।
-
संदिग्धों को हिरासत में लेकर की पूछताछ
पुलिस सूत्रों के अनुसार बैढ़न क्षेत्र के दो से तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस घटना में तीन से चार लोग शामिल हो सकते हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि बहुत जल्द इस मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।