जिला मुख्यालय के पास लोढ़ी गांव में बीते 24 घंटे के अंदर पति-पत्नी दोनों की मौत से लोग मर्माहत हैं। शुक्रवार की रात में अचानक पत्नी की मौत हो गई। परिवार के लोग उनका दाह संस्कार करके लौटे थे कि शनिवार की रात पति की भी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि लोढ़ी गांव निवासी भोला (65) अस्पताल परिसर के बीच पड़ने वाले निजी क्षेत्र में मकान बनाकर रहते थे। जहां घर से कुछ दूर वे अपनी पत्नी रामपति देवी (56) के साथ दुकान चलाते थे। घरवालों के मुताबिक शुक्रवार की रात में करीब नौ बजे रामपति देवी दुकान बंद होने पर घर पहुंची थी। जहां वे दरवाजे के पास खड़ी थी।
परिजनों की माने तो इसी दौरान उन्हे हार्ट अटैक आ गया, जिससे वह गिर पड़ीं। परिजन आनन-फानन में उन्हे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर घर चले गए। शनिवार की दोपहर में हिन्दुआरी स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
पत्नी की मौत से भोला काफी सदमे में थे। रिश्तेदारों के घर लौटने के बाद वह अपनी दुकान पर सोने चले गए। जहां शनिवार की रात में करीब दो बजे भोला को भी हार्ट अटैक आ गया। जानकारी होने पर परिजन दुकान पर पहुंचे। जहां वह बेसूध मिले। उन्हे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। 29 घंटे के भीतर दो सदस्यों की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक दंपती की सात संताने हैं। जिसमें चार बेटे और तीन बेटियां हैं।