सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र के बभनौली गांव में रविवार को कुछ लोगों ने एक युवक को खड़े ट्रक में सो रहे चालक का मोबाइल और रुपये चुराते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। युवक की जमकर पिटाई करने के बाद उसे बंधक बना लिया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर उनकी चंगुल से युवक को मुक्त कराकर कोतवाली ले गई।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे बभनौली में राजमार्ग के किनारे एक ट्रक को खड़ा कर चालक केबिन में सो रहा था। उसी वक्त एक युवक ट्रक पर चढ़कर चालक के जेब से मोबाइल और रुपये चुराने लगा। उसी वक्त कुछ लोगों ने युवक को पकड़ लिया और उसे एक मकान के पास ले जाकर पूछताछ करने लगे। इस दौरान भीड़ को चकमा देकर आरोपी ने भागने की कोशिश की लेकिन कुछ लोगों ने दौड़ा कर उसे पकड़ कर पीटना शुरू कर दिया। पिटाई करने के बाद उसे बंधक बना लिया गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और नाराज ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिसकर्मी आरोपी युवक को कोतवाली ले गए। उधर चोरी के आरोप मेें पकड़े गए युवक का कहना था कि ट्रक पर चढ़ा था लेकिन चोरी करने के लिए नहीं। चालक से काम के लिए बात करना चाह रहा था। समाचार लिखे जाने तक आरोपी से पूछताछ की जा रही थी।