सोनभद्र। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के तहत बृहस्पतिवार को सीएमओ कार्यालय के सभागार में जिला स्तरीय प्रशिक्षण-सह-संवेदीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को एचआईवी संक्रमण की रोकथाम, समय पर जांच, उपचार और मरीजों को एंटी रेट्रोवायरल थेरेपी (एआरटी) से जोड़ने के बारे में प्रशिक्षित किया गया। साथ ही एचआईवी संक्रमित लोगों के प्रति भेदभाव रोकने और स्वास्थ्य सेवाओं में समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया गया। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नाको) के निर्देश पर उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी और पब्लिक हेल्थ फाउंडेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त सहयोग से आयोजित कार्यशाला में कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनर डॉ. निधि टंडन, पीएचएफआई के क्षमता निर्माण विशेषज्ञ दीपक तिवारी, क्षमता निर्माण अधिकारी नीरज श्रीवास्तव और दिशा टीम के डॉ. अमित ने प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम में एसीएमओ डॉ. जीएस यादव, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. कीर्ति आजाद बिंद, डॉ. सूबेदार सिंह, डॉ. सुमन, डॉ. प्रेमनाथ, डॉ. जगदीश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।