दुद्धी। कस्बे में संचालित किए जा रहे नेशनल हॉस्पिटल का संचालक अनूप मौर्या हिस्ट्रीशीटर पाया गया है। प्राथमिकी दर्ज होने के 27 दिन बाद सोमवार को उसकी गिरफ्तारी की गई। उस पर अवैध तरीके से अस्पताल का संचालन, प्रशासन-पुलिस की संयुक्त टीम की तरफ से सील किए जाने के बाद भी ताला तोड़कर अस्पताल संचालित करने और अप्रशिक्षित व्यक्तियों से मरीजों का ऑपरेशन करवाने का आरोप है। वर्ष 2026 से अब तक उसके खिलाफ दुद्धी कोतवाली में आठ मामले दर्ज हो चुके हैं। इसमें धोखाधड़ी, मारपीट के साथ ही पत्नी के उत्पीड़न मामले में दर्ज कराई प्राथमिकी शामिल है।
अस्पताल के अवैध संचालन और सील तोड़कर मरीजों को ऑपरेशन किए जाने के मामले में सीएचसी दुद्धी अधीक्षक डॉ. शाह आलम अंसारी की तहरीर पर कादल निवासी अनूप कुमार मौर्या के खिलाफ गत 29 जून को प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
उसके बाद से ही वह फरार चल रहा था। क्षेत्राधिकारी विनय प्रभाकर साहनी ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक दुद्धी के नेतृत्व में उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी थे। सोमवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित बीएनएस की अन्य धाराओं और राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। वह पहले से हिस्ट्रीशीटर (एचएस नंबर 08ए) के रूप में चिह्नित है।