महुली। विंढमगंज थानाक्षेत्र के महुली गांव के झझरी टोला रेलवे ट्रैक पर सोमवार की शाम ट्रेन की चपेट में आने से शिवकुमार (13) की मौत हो गई। करीब 10 साल पहले इसी स्थान पर उसके पिता गुड्डू की भी ट्रेन से कटकर मौत हुई थी। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। शिव कुमार सोमवार की शाम किसी काम से रेलवे लाइन के पास गया था। इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और जानकारी विंढमगंज पुलिस को दी। बताया जाता है कि लगभग 10 वर्ष पूर्व इसी स्थान पर शिवकुमार के पिता गुड्डू कुमार की भी ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी। अब उसी जगह पुत्र की मौत होने से परिजन शोक में डूब गए हैं। विंढमगंज थाना प्रभारी रविकांत मिश्रा ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शिवकुमार तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। बड़ा भाई 15 साल और छोटा भाई 11 साल का है। निराश्रित मां गृहिणी है। हादसे के बाद भाइयों और मां का रो-रोकर बुरा हाल रहा।