ग्राम पंचायत मिटिहिनिया के धांगर टोला में शुक्रवार की शाम हाईटेंशन का तार टूटकर एक कच्चे मकान पर गिर पड़ा, जिससे आग लग गई। आग से एक कमरे में रखा सामान जलकर राख हो गया। संयोग रहा कि कोई करंट और आग की चपेट में नहीं आया।
शाम करीब चार बजे अचानक हाईटेंशन तार टूटकर धांगर टोला निवासी अजय कुमार उरांव के कच्चे मकान पर गिर गया, जिससे आग लग गई। मकान मालिक का कहना है कि मकान से सटा हाईटेंशन तार जर्जर होकर लटक रहा था। इसकी शिकायत भी कई बार बिजली विभाग से की थी। ग्राम प्रधान व ग्रामीणों के सहयोग से आग को बुझाया गया। जब तक आग बुझती एक कमरा व बरामदा जलकर राख हो गया। ग्राम प्रधान अजय कुशवाहा ने बताया कि क्षेत्र में ज्यादातर जगहों पर जर्जर तार हैं जिसे समय पर सही नहीं किया गया तो बड़ी घटना हो सकती है। बता दें कि कोन क्षेत्र में लगा हाईटेंशन तार पूरी तरह से जर्जर हो गया है। क्षेत्रवासियों ने तत्काल तारों को बदलने व मकान की क्षतिपूर्ति दिए जाने की मांग की है।