संवाद न्यूज एजेंसी
विंढमगंज। बुटबेढ़वा गांव के पंचायत भवन पर युवा भारत की ओर से गर्मी से बेहाल पक्षियों के लिए पात्र रखकर चारा-पानी का इंतजाम किया गया है। ग्राम प्रधान तारा देवी की अगुवाई में गांव में कई जगहों पर पात्र रखे गए हैं।
दिल्ली से आए मुख्य अतिथि महाप्रबंधक अभिषेक अग्रवाल व रंजन पांडेय ने ग्राम प्रधान तारा देवी के साथ कसोरे में पानी भर कर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि युवा भारत के संयोजक सौरभकांत पति तिवारी और उनकी टीम सराहनीय कार्य कर रही है। आज के परिवेश में इंसान अपनी भागदौड़ की जिंदगी और रोजमर्रा की जरूरतों में ही उलझा है। ऐसे में अगर कोई बेजुबान पक्षियों के भूख प्यास मिटाने के लिए प्रयासरत है तो यह निश्चय ही मानवता के लिए एक मिसाल है। सौरभ कांत पति तिवारी व किसान गौरीशंकर कुशवाहा ने कहा कि यह हर व्यक्ति की जिम्मेदारी बनती है कि वह अपने साथ बेजुबानों का भी ध्यान रखे। इस मौके पर चंद्रभान गुप्ता, अजय कुमार गुप्ता, पंचायत सहायक सारिका, राकेश गुप्ता, ओमप्रकाश कुशवाहा, विंदेश्वरी, संजीत कुमार, राजाराम, मुन्ना पासवान आदि लोग रहे।