सोनभद्र। सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही जिला मुख्यालय राबर्ट्सगंज में प्रधान डाकघर खुल जाएगा। इसके लिए शासन में प्रस्ताव भेजा गया है। शासन से मंजूरी मिलने के साथ ही प्रधान डाकघर खुल जाएगा। राबर्ट्सगंज स्थित मुख्य डाकघर को ही प्रधान डाकघर के रूप में विकसित किया जा सकता है या फिर दूसरे स्थान पर जमीन का चयन करके प्रधान डाकघर खोला जाएगा। जिले में प्रधान डाकघर बनने से न सिर्फ विभागीय कर्मचारियों को सहूलियत होगी बल्कि आम जनता को भी डाक विभाग की सारी सुविधाएं जिले में ही मिलने लगेगी।
जिले में अभी राबर्ट्सगंज में मुख्य डाकघर के साथ घोरावल, राजपुर, चोपन, दुद्धी, चतरा ब्लॉक मुख्यालय सहित कुल 24 उप डाकघर संचालित हो रहा है। इसके साथ ही 132 शाखा डाक घर का संचालन किया जा रहा है। लेकिन जिले में अभी एक भी प्रधान डाकघर नहीं है। मंडल मुख्यालय मिर्जापुर स्थित प्रधान डाकघर से ही यहां के डाकघरों में सारी व्यवस्थाएं संचालित की जाती है। डाकघर से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक जिले में प्रधान डाकघर नहीं होने की वजह से यहां के डाकघरों में पीएलआई, आरपीएलआई, ट्रांसफर व कर्मचारियों का वेतन लगाने की सुविधा नहीं है। यदि किसी खाताधारक का खाता फ्रीज हो जाता है तो उसे खुलवाने के लिए मिर्जापुर प्रधान डाकघर जाना पड़ता है। ऐसे में जिले के शक्तिनगर, बभनी आदि सुदूर क्षेत्र के लोगों को करीब ढ़ाई सौ किलोमीटर दूर मिर्जापुर जाकर काम कराना पड़ता है। जिला मुख्यालय राबर्ट्सगंज पर प्रधान डाकघर बनने से ये सारी समस्याएं दूर हो जाएगी और जिले के सुदूर इलाके के लोगों को डाक विभाग की सारी सुविधाएं जिला मुख्यालय पर ही मिलने लगेगी। डाक कर्मियों को भी विभागीय काम के लिए मंडल मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।