जिला मुख्यालय राबर्ट्सगंज और आसपास के क्षेत्रों में हो रही अनियमित बिजली कटौती के विरोध में मंगलवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छपका पावर हाउस पर प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। इसके अलावा बिजली कटौती शीघ्र बंद नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी दी।
कांग्रेस कमेटी के पूर्व जिला महामंत्री अमित चतुर्वेदी ने कहा कि बिजली विभाग अपने रवैये में सुधार नहीं ला रहा है। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद भी रमजान के समय रात्रि में कटौती की गई।
अब भी कटौती जारी है, जिसकी वजह से लोगों की रात की नींद हराम हो गई है। कहा कि अगर बिजली विभाग रात्रि के समय बिजली कटौती बंद नहीं किया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
युवक कांग्रेस के राबर्ट्सगंज लोकसभा कोआर्डिनेटर शशांक मिश्रा ने कहा कि जिला मुख्यालय पर रात 10 बजे के बाद कटौती न किए जाने का मुख्यमंत्री ने घोषणा की थी, लेकिन मुख्यमंत्री का आदेश भी बिजली विभाग नहीं मान रहा है। नतीजतन लोगों को बिजली की अनियमित कटौती का दंश झेलना पड़ रहा है।
सबसे ज्यादा परेशानी रात्रि के समय हो रही कटौती से लोगों को हो रही है, क्योंकि लोगों की नींद हराम हो गई है। कहा कि अगर यहीं रवैया रहा तो प्रदेश सरकार को अगले चुनाव में इसका खामियाजा भुगतना होगा।
प्रदर्शन करने वालों में युकां के विधान सभा सचिव विशाल सिंह, मोहम्मद अकरम, अंशुल श्रीवास्तव, चंदन, सूर्य सिंह, अनुपम, प्रभात दूबे, प्रशांत तिवारी, सोनू सिंह, अरविंद श्रीवास्तव, अजय पटेल शामिल रहे।