अनपरा। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ने हाई लाइन लास वाले शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के उपकेंद्रों को 15 प्रतिशत लाइन लास कम करने की दिशा में एक ठोस पहल करते हुए 24 घंटे निर्बाध व सस्ती बिजली देने का वादा किया है। जनपद सोनभद्र में लाइन लास कम करना इतना भी आसान नहीं है।
ऊर्जा मंत्री ने वीडियो कान्फ्रेसिंग के जरिये जौनपुर, कौशांबी, कुशीनगर, महाराज गंज, मऊ, मिर्जापुर, प्रतापगढ़ संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर सहित जनपद सोनभद्र के उपकेंद्रों की समीक्षा करने के आदेश देते हुए लाइनलॉस को 15 प्रतिशत से नीचे लाने पर 24 घंटे निर्बाध व सस्ती बिजली की बात कहीं है जो जनपद सोनभद्र में आसान नहीं है। प्रदेश के अति पिछड़े जिलो में शुमार सोनभद्र जिले में एक आंकड़े के अनुसार 80 प्रतिशत से भी अधिक लाइन लास है ऐसे कई फीडर है जहां न तो ठीक से बिजली मिलती है और न ही विभाग को कायदे से राजस्व ही मिल पाता है। सोनभद्र जिले में विद्युत वितरण खण्ड के दो खण्ड चलते है। राबट्र्सगंज और पिपरी दोनो खण्डो में कुल 121 फीडर है। अनपरा, गरबंधा, अनपरा सीटी, ग्रामीण-1,ग्रामीण-2 औड़ी,नधिरा,म्योरपुर,चपकी बभनी,राय कालोनी आदि फीडरो में 50 प्रतिशत तक लाइन लास है। यानि यहां बिजली चोरी भी अधिक होती है ऐसे ही अन्य फीडरों का भी यही हाल है जहां लाइनलास अधिक है। लाइनलास को कम करने के लिए यूपीएसएलडीसी के मुख्य अभियंता अखिलेख कुमार सिंह कहते हे कि लाइन लास कम करने के लिए प्रदेश सरकार को कई बदलाव करने होंगे जैसे मीटर रीडिंग,अनुरक्षण में प्राइवेट कर्मियों का हस्तक्षेप जो अपने निहित स्वार्थ के लिए मीटिर की रीडिंग में छेड़छाड़ कर बिजली उपभोक्ताओं को फायदा पहुंचाते हैं। साथ ही समय से रीडिंग का न होना,विद्युत चेकिंग के दौरान गलत रिपोर्ट की फिडिंग आदि पर रोक लगाकर ही लाइन लास को कम किया जा सकता है। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति शाखा अनपरा के संयोजक रोहित राय ने कहा कि बिजली चोरी व राजस्व की वसूली में राजनीतिक दखल बंद होनी चाहिए। साथ ही शहरी क्षेत्रो के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्मार्ट मीटर जल्द से जल्द लगाये जाये। बिजली चोरी को रोकने के लिए बने थाने की समय समय पर समीक्षा व संबंधित कर्मियो की सुरक्षा की दिशा में ठोस पहल से ही लाइन लास कम हो सकता है।