घोरावल। नगर स्थित महादेव वाटिका में बृहस्पतिवार को जीएसटी विभाग की ओर से मेगा कैंप का आयोजन किया गया। इसमें जीएसटी को लेकर व्यापारियों की समस्याओं का समाधान किया गया। टैक्स जमा करने के लिए सही लेनदेन का ब्योरा रखने के लिए जागरूक किया।
मुख्य अतिथि जॉइंट कमिश्नर दिनेश कुमार दुबे ने व्यापारियों को इस कैंप के माध्यम से जीएसटी पंजीयन कराने और 10 लाख रुपये तक के दुर्घटना बीमा सहित सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह कैंप व्यापारियों और अधिकारियों को जोड़ने के लिए किया गया है, ताकि अधिकारी और व्यापारी की दूरी समाप्त हो सके। व्यापारियों को अगर किसी भी तरह व्यापार के संचालन में समस्या आ रही है तो उसका समाधान किया जा सके। अध्यक्षता कर रहे डिप्टी कमिश्नर योगेंद्र द्विवेदी ने व्यापारियों को समय से ई वे बिल जनरेट करने, बिल काटने, टैक्स इनवॉइस, सेल इनवॉइस, कंपोजिट बिल सहित विभिन्न विषयों की जानकारी दी। उपस्थित अधिकारियों ने व्यापारियों के पूछे गए सवालों का समुचित समाधान किया। संचालन जीएसटी प्रैक्टिशनर शुभम गुप्ता ने किया। इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष दयाशंकर गुप्ता, उदित लाल अग्रहरि, सनी शंकर, पप्पू साहू, बलिराम उमर आदि उपस्थित रहे।