समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष दिनेश अग्रहरि उर्फ काजू के नेतृत्व में बुधवार को एसडीएम जैनेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन में व्यापारियों ने जीएसटी की खामियां गिनाई। इसकी विसंगतियों को दूर करने की मांग की।
बारह सूत्री ज्ञापन में व्यापारियों ने कहा कि जीएसटी लागू होने से कई प्रतिष्ठान बंदी के कगार पर पहुंच गए। बड़ी संख्या में नौजवान बेरोजगार हो गए। समाजवादी व्यापार सभा मांग करती है कि पेट्रोल और डीजल को जीएसटी में लाया जाए। जीएसटी के तीन स्लैब बनाएं जाएं। जीएसटी के रिटर्न व आयकर और अन्य विभागों के रिटर्न दाखिल करने की समय सीमा 30 सितंबर की जाए। जीएसटी में पंजीकृत व्यापारी को कोरोना महामारी में कवर करते हुए 10 लाख रुपये का बीमा लाभ दिया जाए। जीएसटी पोर्टल पर होलसेलर व रिटेलर दोनों के लिए एक और कॉलम होना चाहिए। जीएसटी एक्ट में जुर्माना और पेनाल्टी दो अलग अलग प्रावधान किए गए हैं, इनमें से एक को समाप्त किया जाना चाहिए। इस मौके पर जय प्रकाश चौबे विधान सभा अध्यक्ष, संतोष तिवारी सपा नेता, राजेंद्र यादव, नितिन मोदनवाल, ऋषभ गुप्ता, केदार नाथ आदि शामिल रहे।