मिर्जापुर के अहरौरा स्थित वाटर पार्क में रविवार को हंगामे और तोड़फोड़ के बाद दुर्व्यवहार को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल के पति अरुण पटेल ने सोमवार को अहरौरा थाने पहुंच कर तहरीर दी है। उन्होंने सोने की चेन लूटने, वाहन तोड़ने और सरकारी कागजात छीनने का आरोप लगाया है। जिला अस्पताल लोढ़ी में अध्यक्ष के पति घायल अरुण पटेल, विनोद कुमार और अस्मित ने मेडिकल मुआयना कराया। उधर मिर्जापुर एसपी ने दुर्व्यवहार करने के आरोप पुलिस चौकी अहरौरा के प्रभारी मनोज सिंह और एक सिपाही को निलंबित कर दिया है।
सोमवार को दोपहर जिला पंचायत अध्यक्ष के पति अरुण पटेल के साथ अपना दल के जिलाध्यक्ष सत्य नारायण पटेल, चुर्क के जिला पंचायत सदस्य मोहन कुशवाहा, आमेश सोनी, आरएस चौधरी एडवोकेट, आसमा, प्रमोद, सौरभ मौर्या, रामजीत, तारा शुक्ला आदि ने अहरौरा थाने पहुंच कर तहरीर दी। करमा थाना क्षेत्र के सिरिसिया ठकुराई गांव निवासी अरुण सिंह पटेल ने पुलिस को तहरीर देकर अवगत कराया है कि रविवार की अपराह्न करीब तीन बजे अपनी पत्नी राधिका पटेल जिला पंचायत अध्यक्ष सोनभद्र समेत अन्य लोगों के साथ एक्वा वाटर पार्क अहरौरा घूमने गए थे। उनका आरोप है कि अंदर मौजूद पार्क के मालिक समेत अन्य लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। मना करने पर विपक्षीगणों ने उनके, विनोद और अस्मित समेत अन्य लोगों के साथ मारपीट करने के साथ ही गले से सोने की चेन छीन ली। इसके बाद गाड़ी में तोड़फोड़ की और उसमें रखे सरकारी कागजात भी छीन ले गए। इस संबंध में अहरौरा थाना प्रभारी संजय सिंह का कहना है कि दोनों तरफ से एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। उन्होंने पुलिस चौकी अहरौरा के प्रभारी मनोज सिंह और एक सिपाही के निलंबित होने की पुष्टि की है।