संविधान सम्मान और जनहित हुंकार यात्रा के साथ मंगलवार को सोनभद्र पहुंचे स्वामी प्रसाद मौर्य ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संविधान के विरुद्ध कार्य कर रही है। करोड़ों नौजवान बेरोजगारी से जूझ रहे हैं। महंगाई चरम पर है।
सर्किट हाउस में मीडिया से वार्ता में अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि सरकार न तो किसानों को लाभकारी मूल्य दे रही है और न ही न्यूनतम समर्थन मूल्य लागू करने में सक्षम है।
छुट्टा जानवर किसानों की फसलें बर्बाद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान पिछड़ों की बात की जाती है, लेकिन जब जातिगत जनगणना की बात आती है तो सरकार को पिछड़ों की चिंता नहीं रहती।
नौकरी में भर्ती के दौरान एससी-एसटी और गरीबों की अनदेखी की जा रही है। केवल आरएसएस व भाजपा से जुड़े लोगों को लाभ दिया जाता है। स्वामी प्रसाद मौर्य ने आरोप लगाया कि सरकार पिछड़ों के 27 प्रतिशत आरक्षण को भी खत्म करने की कोशिश कर रही है।
उत्तर प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में मनमाने तरीके से भर्तियां की गई हैं, जिससे पिछड़ों और दलितों को उनके अधिकार से वंचित किया जा रहा है। कहा कि सरकार वास्तविक मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए कभी हिंदू-मुस्लिम, कभी मंदिर-मस्जिद और अब औरंगजेब का मुद्दा उछाल रही है।
वह संविधान सम्मान और हुंकार यात्रा के माध्यम से लोगों को जागरूक करने निकले हैं। इस मौके पर पूर्व मंत्री भगवती प्रसाद सागर, विद्रोही धनपति राम मौर्य, जिलाध्यक्ष रवींद्र कुमार मौर्य, बृजेश प्रजापति, राजेंद्र मौर्य, रवींद्र कुमार यादव, विकास मौर्य, संतोष मौर्य, शिवकुमार आदि मौजूद रहे।