घोरावल कोतवाली क्षेत्र के आमडीह गांव स्थित एक आइसक्रीम की फैक्ट्री से डेढ़ लाख का सामान चोरी हो गया। घटना की जानकारी रविवार की सुबह तब हुई जब फैक्ट्री मालिक किसी काम से वहां पहुंचे। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है।
आमडीह स्थित अन्नपूर्णा आइसक्रीम फैक्ट्री के मालिक शिव संत विश्वकर्मा वहां से कुछ ही दूरी पर शिवद्वार गांव में रहते हैं। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री के कैंपस में कुत्ता पाल रखा है जिसे भोजन देने के लिए रविवार की सुबह फैक्ट्री पहुंचे। कुत्ते को खाना खिलाने के बाद छिड़काव के लिए स्प्रे मशीन निकालने के लिए फैक्ट्री का शटर खोला तो भीतर का नजारा देख अवाक रह गए। फ्रिज वाली गैस बीस किलो, बैटरी, स्प्रे मशीन, कुलेक्स ऑयल, फ्राईवेल ऑयल, चॉको पेस्ट, दूध, तांबे का पाइप, दो पंखा, इलेक्ट्रिक चर्नर सब गायब था। पीड़ित ने बताया कि करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान चोरी हुआ है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। बताया कि दो साल पहले भी लगभग एक लाख रुपये की कीमत का सामान चोरी हो गया था जिसका खुलासा अभी तक नहीं हुआ।