शक्तिनगर। घर के बाहर खेलते वक्त जीप के चपेट में आने से बृहस्पतिवार सुबह पांच साल की बच्ची की मौके पर मौत हो गई। घटना सीमा से सटे मध्यप्रदेश के सिंगरौली (माडा) में हुई। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
सिंगरौली के माडा थानान्तर्गत असनी गांव में जीप को चालक पीछे कर रहा था। इसी दौरान उसने नियंत्रण खो दिया और तेज रफ्तार जीप घर के बाहर खेल रही बच्ची को चपेट में लेते हुए दीवार से टकरा गई। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्ची की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम छा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया और वाहन को कब्जे में ले लिया।
बताया जा रहा है कि असनी गांव निवासी गुलाब यादव की पांच साल की पुत्री घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान पास के युवक जीप स्टार्ट कर पीछे करने लगा। अचानक नियंत्रण खोने के वजह से घटना हो गई। माडा के नगर निरीक्षक विद्याधर तिवारी ने बताया कि घटना के बाद शव को कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। चालक को गिरफ्तार कर वाहन को कब्जे में ले लिया गया है।