इस तरह चोरों ने दिया बाइक चोरी की घटना को अंजाम।-- स्रोत सीसीटीवी फुटेज
सोनभद्र। आबकारी विभाग में कनिष्ठ सहायक के पद पर तैनात कौशांबी जिले के सैनी थाना क्षेत्र अंतर्गत कसारी निवासी अविनाश चंद्र की गलियारे में खड़ी बाइक चोरों ने महज 10 मिनट में लॉक तोड़ते हुए उड़ा ली। रात एक बजे के करीब जहां गेट खोलकर घटना को अंजाम दिया गया।
अविनाश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि न्यू काॅलोनी में उनका आवास है। रोजाना की तरह 23 मार्च की रात बाइक मकान के परिसर (गलियारे) में खड़ी की थी। अगले दिन सुबह देखा तो बाइक नहीं थी। मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाला तो पता चला कि रात एक बजकर आठ मिनट से एक बजकर 18 मिनट के बीच चार व्यक्तियों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा के मुताबिक मामला दर्ज कर चोरों और बाइक की तलाश की जा रही है।
इस तरह अंजाम दी गई वारदात ..
रात एक बजकर आठ मिनट पर एक बाइक से चार युवक पहुंचे। एक युवक बाइक लेकर न्यू कॉलोनी की मुख्य सड़क पर रूक गया। तीन युवक चंद कदम की दूरी पर मौजूद किशोर सिंह के मकान पर पहुंचे और गलियारे के गेट में लगी कुंडी को खोलकर अंदर प्रवेश कर गए। दो युवक बाइक का लॉक खोलने में लग गए। एक युवक बीच-बीच में बाहर आकर जायजा लेता रहा। सड़क पर खड़े युवक के पास भी जाकर राय-मशविरा करने में लगा रहा। चोरों के पहुंचने के महज दो मिनट बाद एक बाइक सवार उसी गली में पहुंचा तो मुख्य सड़क पर खड़ा युवक बाइक लेकर आगे बढ़ गया। कुछ देर आगे जाकर दोबारा वह मुड़कर गली के छोर पर रूक गया और खुद को साथ आए दूसरे व्यक्ति से बातचीत करता दिखाने लगा। इस बीच एक बाइक फिर से वहां से गुजरी लेकिन इस बार किसी पर कोई फर्क नहीं पड़ा। गलियारे में घुसे चोर अपने काम में लगे रहे। लगभग आठ मिनट की मेहनत के बाद भी उन्हें कामयाबी नहीं मिली तो वह बाहर निकली बाइक लेकर खड़े युवक के पास पहुंचे। वहां चारों ने कुछ क्षण आपस में मशवरा किया। इसके बाद दो युवक दोबारा गलियारे में घुसे और महज दो मिनट में बाइक का लॉक तोड़कर उसे ले उड़े।