ओबरा थाना में50 लाख हेरोइन के साथ आरोपी
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। ओबरा थाना क्षेत्र के भलुआ टोला में शुक्रवार को पुलिस ने घेराबंदी कर हेरोइन तस्कर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से पांच सौ ग्राम हेरोइन मिली जिसकी कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में 50 लाख आंकी गई है। हेरोइन ब्रिकी का 4800 रुपये और तीन मोबाइल भी बरामद किए गए । आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस का मुकदमा दर्ज करते हुए चालान कर दिया गया।
पुलिस को सुबह मुखबिर ने तस्करों के बारे में सूचना दी। ओबरा सीओ भाष्कर वर्मा को पता चला कि हेरोइन तस्कर गिरोह के चार सदस्य भलुआ टोला में हेरोइन बेच रहे हैं। तस्करों के साथ एक महिला भी है। सीओ के निर्देश पर ओबरा थानाध्यक्ष शैलेश राय मय फोर्स मुखबिर के बताए गए स्थान पर पहुंच कर घेराबंदी कर खोजबीन शुरू की। इस दौरान पुलिस को देख एक महिला समेत चार लोग भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस कर्मियों ने दौड़ा कर सभी को धर दबोचा। एएसपी ओपी सिंह ने बताया कि एसपी के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस ने छोटू जायसवाल, शिव कुमार यादव निवासीगण भलुआ टोला, बड़क उर्फ राधेश्याम जायसवाल एवं सुनीता निवासीगण भोगा सिंह चौराहा चोपन रोड थाना ओबरा के कब्जे से 500 ग्राम हेरोइन, तीन मोबाइल और करीब हेरोन की बिक्री का करीब 4800 रुपये बरामद हुआ है। पूछताछ कर सभी आरोपियों का चालान कर दिया गया।
-
वर्जन
पांच सौ ग्राम हेरोइन के साथ चार तस्करों को पकड़ने वाली पुलिस टीम को नगद पुरस्कार दिया जाएगा। तस्करों के खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई की जाएगी। इनके द्वारा अपराध कर अर्जित की गई संपति को भी कुर्क किया जाएगा। अवैध मादक पदार्थ के कारोबारियों और उन्हें संरक्षम देने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।-आशीष श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक