खाद्य सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए सोमवार को फूड सेफ्टी ऑन व्हील को डीएम अभिषेक सिंह ने कलेक्ट्रेट से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। टीम ने अलग-अलग क्षेेत्रों में जाकर दुकानों पर खाद्य पदार्थ के नमूनों की जांच की।
छपका में माडर्न इंटरप्राइजेज से हल्दी पावडर, काली मिर्च, सरसों का तेल, अरहर की दाल की जांच की। उरमौरा में केशरी रेस्टूरेंट और ढाबा से दूध, पनीर, अच्छेलाल की दुकान से पेड़ा, बर्फी, बेसन लड्डू आदि के नमूनों की जांच की। इसके अलावा पकरी नहर के पास स्थित ढाबों से भी खाद्य पदार्थ के नमूने जांचे। वाहन में लगे लैब से कुल 32 नमूनों की जांच की गई। इसमें 28 नमूने मानक के अनुरूप मिले। चार नमूनों से जुड़े दुकानदारों को दोबारा गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की हिदायत दी गई। टीम ने मिलावटी सामानों की पहचान के बारे में भी लोगों को जागरुक किया। जिला अभिहित अधिकारी सुशील कुमार सिंह ने बताया कि आम जनमानस को मिलावटी खाद्य पदार्थ के प्रति जागरूक करने और उसकी गुणवत्ता की जानकारी के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।