ग्राम पंचायत सलैयाडीह में संदिग्ध हाल में एक विवाहिता की मौत के मामले में शुक्रवार को पुलिस ने मृतका के सास-ससुर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी का दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में चालान कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि सलैयाडीह ग्राम पंचायत में बीते एक जनवरी को संजू देवी (20) पत्नी अनिकेत की उसके घर में संदिग्ध हाल में मौत हो गई थी। मकान के अंदर फंदे से शव लटकता मिला था। मृतक के मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। थाना प्रभारी निरीक्षक सूर्यभान ने बताया कि मामले में मृतका के मायके वालों की तहरीर पर दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति अनिकेत राम को जेल भेज दिया गया था। शुक्रवार को फरार ससुर लालाराम, सास सरस्वती देवी, देवर पिंटू उर्फ मुकेश और देवरानी नीलम देवी उर्फ अंजनी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।