फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonebhadra News: करिहा क्षमा छठी मइया, भूल-चूक गलती हमार...

विज्ञापन
विज्ञापन
सोनभद्र। लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। नदी-तालाब के किनारे घाटों पर अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। कोई छठ मइया को घर से ही दंडवत करते हुए घाट पर पहुंचा तो कोई मन्नत पूरा होने पर बैंड बाजे के साथ आया। हाथों में जलकलश लेकर महिलाएं मंगल गीत गाती रहीं। चार दिवसीय पर्व के अंतिम दिन महिलाएं शुक्रवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत पूरा करेंगी।
विज्ञापन

नहाय खाय के साथ शुरू हुए व्रत के दूसरे दिन महिलाओं ने खरना पूजा की थी। गुड़ की खीर और पूड़ी का प्रसाद ग्रहण करते हुए 36 घंटे का निर्जला व्रत धारण किया। इसके बाद से ही भगवान भास्कर को अर्घ्य देने की तैयारी शुरू हो गई थी। बृहस्पतिवार को अपराह्न तीन बजे से ही छठ घाटों पर भीड़ जुटने लगी थी। कंधे पर बांस की टोकरी में पूजन सामग्री और गन्ने लेकर परिवार के पुरुष आगे चल रहे थे, ताे उनके पीछे नंगे पांव महिलाओं की टोली छठ गीत गाते हुए घाट पर पहुंचीं। नगर के रामसरोवर तालाब, अकड़हवा पोखरा, बढ़ौली तालाब, मेहुड़ी नहर सहित अन्य स्थानों पर छठ पूजा के लिए हुजूम उमड़ा रहा। शाम करीब पांच बजे से अर्घ्य देने का सिलसिला शुरू हुआ। इस दौरान घाटों पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस मुस्तैद रही। सादे वर्दी में भी पुलिसकर्मी गश्त कर रहे थे। चोपन: सोन नदी के तट पर बृहस्पतिवार को छठ पूजा का अलौकिक नजारा था। व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार के सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। नगर पंचायत की ओर से घाटों पर महिलाओं के लिए चेजिंग रूम, पानी, चाय आदि की व्यवस्था की गई थी। चेयरमैन उस्मान अली खुद व्यवस्था की निगरानी करते रहे। खलियारी: बिहार सीमा पर स्थित नगवां क्षेत्र में छठ पूजा का अलग उत्साह दिखा। खलियारी पोखरा, सुअरसोत, तेनुआ, पड़री, पनिकप खुर्द सरईगाढ सहित अन्य गांवों के तालाब पर छठ पूजा हुई। कोन: पांडू नदी के किनारे छठ घाट पर सैकड़ों व्रती महिलाओं ने सूर्य को अर्घ्य दिया। घाट पर सफाई व अन्य व्यवस्थाओं को लेकर बीडीओ डाॅ.जितेंद्र नाथ दुबे कर्मचारियों के साथ भ्रमण करते रहे। सुरक्षा व्यवस्था की कमान प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता ने संभाली। बभनी: क्षेत्र के बभनी, चपकी, भंवर, बडहोर, चौना, बैना, सागोबांध, चैनपुर, मचबंधवा, आसनडीह, रंदह, कोंगा सहित 40 घाटों पर हजारों महिलाओं ने छठ पूजा में शामिल होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। युवा समिति बभनी के पदाधिकारी विजय कुमार, अखिलेश कुमार, रविशंकर, सुनील कुमार, मिथिलेश कुमार, सुभाष चंद्र आदि व्यवस्था में लगे रहे। बीजपुर: एनटीपीसी परियोजना परिसर स्थित सूर्य कुंड, शिव मंदिर, बाजार सब्जी मंडी, दुदहिया मंदिर, अजीरेश्वर धाम सरोवर तट सहित विभिन्न गांवों में नदी नालों, बावली के किनारे महिलाओं ने छठ पूजा की।
भगवान भास्कर से की परिवार के मंगल की कामना
ओबरा। पुत्र की मंगल कामना के साथ आरोग्य व सौभाग्य की प्राप्ति के लिए किया जाने वाला छठ पर्व बृहस्पतिवार को नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में पूरे श्रद्धाभाव से मनाया गया। व्रतियों ने रेणु नदी तट स्थित छठ घाट और नगर में विभिन्न तालाबों पर पहुंचकर अस्तालचगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। इसके पूर्व अपराह्न तीन बजे से ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु पूजन की दउरी सिर पर रख और कंधे पर ईख लिए घाट पर बनी अपने वेदी के समीप पहुंचे। पूजन के दौरान व्रती महिलाएं छठ मइया के गीत गाती रहीं। नगर के सेक्टर नौ, बिल्ली पोखरा, खैरटिया बंधी, आरती चित्र मंदिर ग्राउंड, सेक्टर आठ, दस, मालवीय नगर, ओबरा डैम पर हो रही छठ पूजा से पूरा नगर क्षेत्र भक्तिमय रहा। सीओ हर्ष पांडेय के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह मुस्तैद रहे। सूर्य पूजन में मुख्य यजमान नगर पंचायत अध्यक्ष चांदनी देवी, श्रवण कुमार, ईओ मधुसूदन जायसवाल के साथ आयोजन समिति महारुद्र सेवा समिति भूतेश्वर दरबार के पदाधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन

रिहंद जलाशय के साथ सरोवरों पर जुटे श्रद्धालु
शक्तिनगर। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए बृहस्पतिवार शाम रिहंद जलाशय के साथ क्षेत्र के सरोवरों पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। गाजे बाजे के साथ व्रती महिलाएं व पुरुष घाटों पर पहुंचे। रिहंद जलाशय के कोटा स्थित बोट प्वांइट, चिल्का झील परिसर, अनुष्ठानिक सरोवर, एनसीएल खड़िया के छठ घाट सहित अन्य तालाबों पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। बीना श्रीराम जानकी मंदिर सरोवर, कोहरौलिया रिहंद जलाशय, घरसड़ी प्रताप जलाशय, मिसरा में भी व्रती महिलाओं ने पूजा की।
सूर्य मंदिर पर महाआरती में जुटे 5000 लोग
विंढमगंज। यूपी-झारखंड सीमा पर प्रवाहित सततवाहिनी नदी के तट पर छठ पूजा के लिए श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद सन क्लब सोसायटी की ओर से निर्मित सूर्य मंदिर पर महाआरती की गई। बनारस से ब्राह्मणों व सोसायटी के सदस्यों ने शंखनाद करते हुए सूर्य देव की आरती उतारी। कार्यक्रम में पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद यादव पीएसी के साथ सुरक्षा में डटे रहे। सततवाहिनी नदी के अलावा मलिया नदी के किनारे भी महिलाओं ने छठ पूजा की।
शिवाजी तालाब पर गंगा आरती का दिखा अद्भुत नजारा
दुद्धी। नगर के शिवाजी तालाब पर जय बजरंग अखाड़ा समिति की ओर से आयोजित गंगा आरती का नजारा अद्भुत रहा। वाराणसी से आए पुरोहितों ने मंत्रोच्चार के साथ गंगा आरती की। घाट पर अर्घ्य देने के लिए छठ व्रतियों की भीड़ उमड़ी। गंगा आरती में यूपी एससी-एसटी आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, श्रवण सिंह गोंड, चेयरमैन कमलेश मोहन, कन्हैया लाल अग्रहरि, पंकज जायसवाल, दीपक शाह आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें