सोनभद्र के बभनी में सोशल मीडिया पर हुए प्यार के बाद कोलकाता से बभनी आई युवती के साथ तीन साल तक साथ रहने के बाद युवक का शादी से इंकार कर दिया जिसके बाद पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से की है और पुलिस तफ्तीश कर रही है।
फेसबुक पर हुए प्यार के बाद घर छोड़कर कोलकाता से आई युवती ने बभनी निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर तीन साल तक यौन शोषण का आरोप लगाया है। युवक उसका अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी भी दे रहा है। पुलिस केस दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गई है।
विज्ञापन
कोलकाता निवासी पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2019 में फेसबुक के जरिए वह बभनी के महुआ दोहर निवासी दिनेश कुमार के संपर्क में आई। दोनों में प्रेम हो गया। युवक के कहने पर वह अपना घर छोड़कर बभनी चली आई। युवक उसे अपने साथ घर ले गया और उसे पत्नी की तरह रखने लगा।
इस बीच युवक ने उसका अश्लील वीडियो बनाया। शादी की बात पर वह टालता रहता था। वर्ष 2022 में युवक काम के लिए विदेश चला गया। दो साल बाद लौटा तो उसे परेशान करने लगा। सितंबर में जब युवती ने शादी कर पत्नी का अधिकार पाने की जिद की तो युवक उसके साथ मारपीट करते हुए वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा।
जबरन स्टांप पर दस्तखत कराकर घर से भगा दिया। पीड़िता ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री, डीजीपी, एसपी सहित महिला आयोग में की। एएसपी ऑपरेशन त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी युवक दिनेश कुमार के खिलाफ शारीरिक शोषण और मारपीट संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन कराई जा रही है।