शक्तिनगर। एनसीएल कृष्णशिला कोयला क्षेत्र के खदान में मौजूद कोयला भंडारण में आग लग गई। मौके पर आई फायर ब्रिगेड ने वाटर टैंकर व बड़ी मशीनों का उपयोग कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
खदान से निकलने वाले कोयले को एक खास चिह्नित स्थान पर भंडारण किया जाता है। यहां से जरूरत के मुताबिक अन्य संसाधनों से कोयला आगे भेजा जाता है। बताया जा रहा है कि कई लाख टन के कोल भंडार में आग कई दिनों से सुलग रही थी। मौजूद संसाधनों से इस पर नियंत्रण पाने की कोशिश की गई लेकिन कामयाबी नहीं मिली। सोमवार को आग बढ़ गई। जानकारी के बाद कोल प्रबंधन के अधिकारियों में खलबली मच गई। इसके बाद आग पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त संसाधनों की मांग की गई। कई पानी टैंकर, फायर ब्रिगेड मशीनें लगाई गईं। जल रहे कोयले को बड़ी मशीनों के जरिये मुख्य भंडार से अलग किए जाने का कार्य शुरू हुआ, तब स्थिति नियंत्रण में आई। कोयला परियोजना के कर्मियों ने बताया कि आग से हजारों टन कोयला अब तक राख हो चुका है। अभी भी पूरी तरह आग पर नियंत्रण नहीं पाया जा सका है। एनसीएल के प्रवक्ता राम विजय सिंह ने कृष्णशिला प्रबंधन के हवाले से बताया कि कोयला भंडार में इस तरह की घटना सामान्य है। आग पर काबू पा लिया गया है।