रॉबर्ट्सगंज महिला थाना के सामने जूता की दुकान में लगी आग को बुझाने पहुंचा फायर ब्रिग्रेड। संवाद
रॉबर्ट्सगंज में महिला थाने के सामने स्थित जूते की दुकान में शुक्रवार की शाम भीषण आग लग गई। पीछे स्थित मकान से शुरू हुई आग के दुकान तक पहुंचने के बाद अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे तक चली मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने के पीछे शार्ट-सर्किट को कारण बताया जा रहा है।
वार्ड नंबर 10 रेलवे क्रॉसिंग निवासी मनोज जायसवाल की महिला थाना के सामने अवधेश चौबे के मकान में जूता-चप्पल की दुकान है। इसी मकान में दुकान के पीछे आशुतोष दुबे किराये पर रहते हैं। शुक्रवार की दोपहर बाद करीब पौने चार बजे दुकान से तेज धुंआ उठने लगा। पता चला कि पीछे स्थित आशुतोष दुबे के कमरे से धुंआ आ रहा है। देखते ही देखते आग फैलकर दुकान तक आ गई और दुकान धुएं से भर गया। जूता-चप्पल व अन्य सामान भी जलने लगे। बगल में पीवीसी पाइप का गोदाम होने के कारण बड़ी अनहोनी की आशंका में लोग सहम गए। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निशमन अधिकारी करन यादव ने बताया कि शार्ट-सर्किट से आग लगने की आशंका है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
रॉबर्ट्सगंज महिला थाना के सामने जूता की दुकान में लगी आग को बुझाने पहुंचा फायर ब्रिग्रेड। संवाद