सोनभद्र। कोरोना महामारी में सरकार की ओर से गरीबों को मुफ्त में अनाज दिया जा रहा है। इसमें भी कुछ दुकानों पर घटतौली की जा रही है। इसकी शिकायत जिला प्रशासन को मिली है। जिलाधिकारी ने डीएसओ को कम अनाज मिलने की शिकायत की जांच कराने का निर्देश दिया है। आरोप सही मिलने पर घटतौली करने वाले दुकानदारों का लाइसेंस निरस्त करते हुए उन पर मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया है।
कोरोना संक्रमण के द्वितीय चरण के प्रभावों के परिणाम स्वरूप उत्पन्न होने वाली कठिनाईयों को देखते हुए सरकार की ओर से सभी कार्डधारकों को नि:शुल्क खाद्यान्न वितरित करने का निर्देश दिया गया है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत समस्त कार्डधारकों को प्रति यूनिट पांच किलो खाद्यान्न मई और जून में नि:शुल्क वितरित किया जायेगा। यह खाद्यान्न राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अतिरिक्त होगा। जून, जुलाई एवं अगस्त में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अन्तर्गत नि:शुल्क खाद्यान्न का वितरण कराया जायेगा। गेहूं और चावल का मूल्य नहीं लिया जायेगा। अंत्योदय कार्ड धारकों को जून के वितरण के द्वितीय चक्र में प्रति कार्ड तीन किलो चीनी भी वितरित की जाएगी। यह चीनी 18 रुपये किलो के दर से मिलेगी।
जिले में तीन लाख से अधिक कार्डधारक
जिले के 340982 पात्र गृहस्थी एवं 60558 अंत्योदय कार्डधारक है। दोनों को मिलाकर 401539 कार्डधारक हैं। उसमें 1499092 सदस्य उक्त योजना से लाभान्वित होगें। आम जन- जीवन को आसान बनाने के लिये छूटे हुए पात्र लाभार्थियो के राशन कार्ड भी बनाये जा रहे है। इसके लिये तहसीलोो मे स्थित आपूर्ति कार्यालय एवं संबंधित खंड विकास कार्यालय मे संपर्क किया जा सकता हैं। योजना के तहत अनाज का वितरण शुरु कर दिया गया है। सूत्रों की माने तो कुछ कोटदारों दारा कार्ड धारको को अनाज कम दिया जा रहा है। अनाज वितरण मे गड़बड़ी की पुष्टि होने पर संबंधित दुकान का लाइसेंस निरस्त करने के साथ ही मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
सभी कोटेदारों को सरकार की निर्देशानुसार कार्डधारकों को अनाज मुहैया कराने के लिए निर्देश दिया गया है। कम अनाज दिए जाने की शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी। आरोप सही मिलने पर दुकान निलंबित करते हुए मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। - डॉ. राकेश तिवारी, जिलापूर्ति अधिकारी सोनभद्र।