घोरावल क्षेत्र के तेंदुहार ग्राम पंचायत के लाली गांव खलिहान में लगी आग।स्रोत जागरूक पाठक
घोरावल। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के तेंदुहार ग्राम पंचायत के लाली गांव में बुधवार की रात में अबूझ हालत में आग लगने से करीब 33 बीघा सरसों की फसल जल गई। सरसों की फसल मड़ाई के लिए खलिहान में रखी हुई थी।
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत से आग पर काबू पाया। सूचना के बाद भी फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंची। घटना में किसानों को सात लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान है। गांव में एक ही खलिहान में कुछ किसानों के सरसों की फसल काटकर मड़ाई के लिए रखी हुई थी।
बुधवार रात करीब साढ़े सात बजे अज्ञात कारणों से खलिहान में आग लग गई। धुआं उठते देख ग्रामीणों को घटना का पता चला। थोड़ी देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास रखी सभी किसानों की सरसों की फसलों को चपेट में ले लिया।
घटना के वक्त विद्युत आपूर्ति नहीं था। 2 घंटे बाद बिजली आपूर्ति शुरू होने पर सबमर्सिबल पंप चलाकर ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। वहीं सूचना के बाद भी फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची, इससे किसानों में काफी आक्रोश रहा।
इस घटना में धर्मदेव बैसवार के पुत्र राहुल, रामसिंह, लक्ष्मण प्रसाद, मानसिंह और पत्नी बासमती का 25 बीघा और रामपति बैसवार के पुत्र हरिशंकर, रविशंकर व पत्नी लीलावती का कुल 8 बीघा सरसों की फसल जल गई।
पीड़ित किसानों ने ग्राम प्रधान सुरेंद्र तिवारी के साथ बृहस्पतिवार सुबह पुलिस और राजस्व विभाग को घटना की सूचना देकर मुआवजा दिलाने के लिए कार्रवाई की मांग की है।