जिले में अघोषित बिजली कटौती के विरोध में बृहस्पतिवार को भारतीय युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अमित चतुर्वेदी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के एक्सईएन का घेराव किया। इसके बाद पांच सूत्री ज्ञापन एक्सईएन को सौंपा। चेतावनी दी कि जल्द समस्या का समाधान न हुआ तो आंदोलन किया जायेगा।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि इन दिनों ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती जारी है। इससे आम जनमानस त्रस्त है। जहां एक ओर गर्मी व उमस जारी है। ऐसे स्थिति में बिजली कटौती से लोग परेशान है। इस समय धान की रोपाई किसान करा रहे हैं, उन्हें पानी की आवश्यकता है लेकिन बिजली कटौती से वो सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। प्रदेश महासचिव धीरज पांडेय ने कहा मनमानी बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से शहरी पेयजल की व्यापक समस्या उत्पन्न हो गयी। शहर अध्यक्ष राजीव त्रिपाठी व एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष आकाश वर्मा ने कहा कि बकायेदारी में बिजली कनेक्शन काट देना सही नहीं है। इसे तत्काल रोका जाए। उन्होंने जर्जर तार व खंभे बदले जाने की मांग की गई। घेराव और ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र नाथ शुक्ला, महासचिव राजू देव पांडेय, सन्नी शुक्ला, मृदुल मिश्रा, निगम मिश्रा, प्रमोद पांडेय दीपू, मदन मिश्रा, मो. अकरम, शत्रुंजय मिश्रा, जितेंद्र पांडेय, गुंजन श्रीवास्तव, प्रांजल श्रीवास्तव, शंकर भारती, प्रवीण कुमार आदि रहे।
अंधाधुंध विद्युत कटौती से जनजीवन बेहाल
करमा। पसहीं विद्युत उपकेंद्र से करमा समेत सैकड़ों गांवों को होने वाली विद्युत आपूर्ति बेपटरी हो गई है। उमस भरी गर्मी में अघोषित कटौती से जनजीवन बेहाल हो गया है। कटौती के साथ लो वोल्टेज भी लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है। करमा क्षेत्र में महज 100 वोल्ट के आसपास ही बिजली आ रही है। ऐसे में न तो ढंग से कूलर व पंखे चल पा रहे हैं और न ही अन्य विद्युत उपकरण। इस बाबत अवर अभियंता विनय कुमार गुप्ता ने बताया कि मांग के अनुरूप विद्युत उपलब्धता न होने से साहूपुरी कंट्रोल रूम से आपात कटौती की जा रही है।