ग्राम पंचायतों में विभिन्न कार्यों के बकाया भुगतान को लेकर घोरावल ब्लॉक व करमा ब्लॉक के पूर्व ग्राम प्रधानों ने सोमवार को ब्लॉक मुख्यालय पर बैठक की। बैठक का नेतृत्व अखिल भारतीय प्रधान संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्याम बिहारी यादव ने किया।
अखिल भारतीय प्रधान संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्याम बिहारी यादव और घोरावल के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष जगदीश सिंह ने बताया कि बीते 23 मार्च को पूर्व ग्राम प्रधानों ने डीएम कार्यालय के साथ-साथ डीपीआरओ को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में उनके कार्यकाल में राज्य वित्त, पंचम वित्त, 14वें व 15वें वित्त और मनरेगा के तहत सामुदायिक शौचालय, इंटरलॉकिंग, खड़ंजा, कूप जगत, पंचायत भवन समेत कई निर्माण व मरम्मत कार्य कराए गए। इसका भुगतान अभी तक बकाया है। अलग अलग ग्राम पंचायतों में यह बकाया राशि पचास हजार रुपये से लेकर छह लाख रुपये तक है। डीपीआरओ ने एक सप्ताह में बकाया भुगतान का आश्वासन दिया था लेकिन अब तक स्थिति जस की तस है। एडीओ पंचायत चंद्र देव पांडेय को प्रार्थना पत्र देते हुए कहा कि 15 दिनों में भुगतान न होने पर ब्लाक कार्यालय में तालाबंदी को मजबूर होंगे। बैठक में पूर्व ग्राम प्रधान भानु प्रताप, सर्वेश सिंह, रवि शंकर, सर्वेश पाठक, जगदीश सिंह, श्याम बिहारी, वेदमणि तिवारी, सुनील सिंह आदि मौजूद रहे।