राबर्ट्सगंज मानपुर स्थित बौद्ध शिक्षण संस्थान में चंद्रशेखर आजाद की पुण्य तिथि पर पुष्प अर्पित
- फोटो : SONBHADRA
महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद के शहादत दिवस पर जिले में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम हुए। उनकी शहादत को नमन करते हुए सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया।
श्री गंगाराम बौद्ध शिक्षण संस्था मानपुर में हुई विचार गोष्ठी में शिक्षक रामचंद्र मौर्य ने कहा कि देश की आन बान शान बचाने के लिए ऐसे बलिदान की जरूरत पड़े तो हमारे देश के हर नागरिक को तत्पर रहना चाहिए। चंद्रशेखर आजाद के पदचिह्नों पर चलना ही उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस मौके पर विद्यालय की प्रबंधक निर्मला मौर्य, कुश मौर्य, अभय कुमार, सहायक अध्यापक गुड़िया रानी कुशवाहा आदि मौजूद रहे।
उधर, ओबरा के भलुआ टोला में राष्ट्रीय नवनिर्माण सेना के तत्वावधान में आनंद पटेल दयालु की अध्यक्षता में कार्यक्रम हुआ। दयालु ने कहा कि क्रांतिकारियों को हर हाल में शहीदों का दर्जा मिलना चाहिए। भारत सरकार से मांग करते हुए कहा कि क्रांतिकारियों की किताबें अनिवार्य रूप से हर कक्षा में पढ़ाई जाएं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से महताब आलम, रविंद्र यादव, शिवदत्त दुबे, शाहिद अली, अकबर, जलालुद्दीन, रामाशंकर तिवारी, जवाहरलाल, नैयर आलम, कुसुम, रिचा, सोनी बानो आदि शामिल रहे।