रेणुकूट। नगर के चाचा कॉलोनी में रेलवे पटरी के किनारे शुक्रवार को दूसरे दिन भी अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने अपने घरों से सामान हटाए और रेलवे ने जेसीबी से घरों को गिराया।
रेणुकूट से चोपन के बीच चल रहे रेलवे के दोहरीकरण कार्य की वजह से चाचा कॉलोनी इलाके में रेलवे की पटरी के किनारे बसे लोगों को कई माह पूर्व ही रेलवे ने अतिक्रमण हटाने का नोटिस दिया था। किसी प्रकार की राहत ना मिलते हुए देखकर पटरी के किनारे बसे लोगों ने बृहस्पतिवार से ही अपना सामान हटाने का कार्य शुरू कर दिया। कुल 70 परिवारों ने अपने घरों से सामान हटाया और इधर-उधर शरण ली। व्यापार मंडल अध्यक्ष सूरज ओझा ने डीएम और एसडीएम दुद्धी को पत्र देकर पिपरी में बने कांशीराम आवास में लोगों को जगह दिलाने की मांग की। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष निशा सिंह ने कहा कि यहां ज्यादातर लोग हिंडाल्को में कार्य करते हैं। इसलिए इन लोगों को हिंडाल्को के आवास दिए जाएं। शुक्रवार को क्षेत्रीय लेखपाल अशोक सिंह ने मौके पर पहुंचकर बेघर हुए लोगों की लिस्ट बनाई। लेखपाल ने कहा कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर यहां से हट रहे लोगों की लिस्ट बनाई जा रही है, जैसा उच्चाधिकारियों का निर्देश प्राप्त होगा वैसे ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।