सोनभद्र। एनटीपीसी विंध्याचल परियोजना के प्रशासनिक भवन सीवी रमन सभागार में मानव संसाधन राजभाषा अनुभाग की तरफ से 81वीं राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक हुई। समिति का मुख्य कार्य परियोजना के अंतर्गत विभागों एवं अनुभागों में राजभाषा नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करना हैं। जनवरी से मार्च की तिमाही की इस दिशा में हो रही प्रगति की समीक्षा की गई।
परियोजना प्रमुख विंध्याचल इं. सत्य फणि कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए किए जा रहे कार्यों की उन्होंने प्रशंसा की। हिंदी में उत्कृष्ट कार्य कर रहे कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया और हिंदी में काम करने के लिए कहा। एजीएम मानव संसाधन राकेश अरोड़ा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर कार्यपालक मानव संसाधन- नैगम संचार एवं राजभाषा शिक्षा गुप्ता, मुख्य महाप्रबंधक चिकित्सा डॉ.बीसी चतुर्वेदी, महाप्रबंधक मानव संसाधन प्रबीर कुमार बिस्वास आदि उपस्थित रहे।