नगर के हाइडिल स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पर रविवार को 11 केवी का ब्रेकर बदलने का काम चला। इस दौरान नगरीय क्षेत्र में साढ़े छह घंटे बिजली गुल रही। इस बीच उपभोक्ताओं को काफी परेशानी उठानी पड़ी। साढ़े तीन बजे के बाद बिजली सप्लाई होने पर उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली। सर्वाधिक दिक्कत भारी कनेक्शनधारकों को हुआ।
विद्युत वितरण खंड राबर्ट्सगंज के अधिशासी अभियंता अखिलेश कुमार चौधरी ने एक दिन पहले रविवार को ब्रेकर बदलने की जानकारी दे दी थी। सुबह नौ बजे उपकेंद्र पर 11 केवी ब्रेकर बदलने व मरम्मत का काम शुरू हुआ। इससे पहले विद्युत उपकेंद्र हाइडिल से निर्गत न्यू काॅलोनी, हाइडिल काॅलोनी, ब्रम्हनगर, अंबेडकर नगर, हर्ष नगर, विकास नगर, मेन मार्केट, बढ़ौली चौराहा, चंडी होटल, रेलवे फाटक, घुवास मोहाल समेत अन्य मोहल्लों की आपूर्ति ठप कर दी गई। एसडीओ केएस यादव ने बताया कि हाइडिल स्थित उपकेंद्र में 11 केवी के दो नए ब्रेकर लगाए गए हैं। इसमें एक हाइडिल स्थित जल संयंत्र का हैं। सुबह नौ बजे से दोपहर बाद साढ़े तीन बजे तक ब्रेकर बदलने और मरम्मत का कार्य चला। इसके बाद बिजली सप्लाई शुरू की गई। करीब साढ़े छह घंटे तक नगर में बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ ही हैवी कनेक्शन धारकों को परेशानी उठानी पड़ी। कुछ जगहों पर काम काज ठप था तो कुछ जगहों पर जनरेटर के सहारे लोग काम निपटाते हुए देखें गए।