- बीजपुर थाना क्षेत्र के नेमना गांव की घटना, भट्ठे से ईंट निकालते समय किया हमला
संवाद न्यूज एजेंसी
बीजपुर (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत नेमना के टोला समथरहवा में शुक्रवार को जंगली सुअर के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। उसका भाई गंभीर रूप से घायल हुआ है। दोनों भाई पर भट्ठे से ईंट निकालने के दौरान सुअर ने हमला कर दिया। घायल युवक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नेमना गांव निवासी शोभालाल (43) शुक्रवार की दोपहर में अपने छोटे भाई रामसूरत (35) के साथ घर से दो सौ मीटर दूरी पर ईंट भट्ठे से ईंट निकाल रहा था। बगल में नाले की तरफ से आए जंगली सुअर ने अचानक दोनों पर हमला कर दिया। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, तब तक जंगली सुअर भाग गया। घायल शोभालाल की मौके पर ही मौत हो गई। उसके पैर में गंभीर जख्म थे। वहीं रामसूरत का हाथ जख्मी हुआ है। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक पंकज पांडेय ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ ने बताया कि जंगली सुअर के हमले से मौत की जानकारी मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद कुछ स्पष्ट हो पाएगा। वहीं जरहा रेंजर राजेश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।