सिंगरौली। जिले के दो स्थानों पर हो रहे अवैध रेत खनन पर बृहस्पतिवार की रात हुई संयुक्त कार्रवाई के दौरान आठ पोकलेन, दो जेसीबी मशीन के साथ 30 ट्रक व हाइवा जब्त कर लिए गए। कार्रवाई से खनन सिडिंकेट में दिन भर हड़कंप रहा और संबधित लोग भूमिगत हो गए।
बीते सोमवार को जिले में पहुंचे पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री कमलेश्वर पटेल के समक्ष ग्रामीणों ने बड़े पैमाने पर अवैध खनन का मसला उठाया था। ग्रामीणों का आरोप था कि खनन के लिए आंवटित स्थल से अलग माफिया दिन रात खुदाई कर रहे है और बालू यूपी के रास्ते विभिन्न स्थानों पर भेजा जा रहा है। इसे गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने कलेक्टर को जांच कराने के साथ तत्काल खनन बंद कराने के आदेश दिए थे। कलेक्टर अनुराग चौधरी के निेर्देश पर गठित टीम ने बैढन कोतवाली के हर्रहवा गांव में स्थित खनन स्थल पर छापेमारी की। इस दौरान तय स्थल से अलग रेत की निकासी व परिवहन करते मिले ट्रकों व मशीनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। बताते है कि यह कार्रवाई जिला स्तरीय टास्क फोर्स समित के सदस्यों (खनिज राजस्व एवं पुलिस) द्वारा की गई। संयुक्त टीम डीएस एंड कंपनी को हर्रहवा में आंवटित रेत खदान पर पहुंची तो पाया कि स्वीकृत क्षेत्र से बाहर रेत का बड़े पैमाने पर उत्खनन किया जा रहा है।