सोनभद्र जिले के घोरावल कोतवाली क्षेत्र के खुटहां गांव में घोरावल-मिर्जापुर बाईपास राजमार्ग पर बुधवार की भोर में हाईवा और ट्रैक्टर में भिड़ंत हो गई। जोरदार टक्कर में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हाईवा चालक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद तीन घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। पुलिस ने काफी मशक्कत से वाहनों को सड़क से हटवाकर रास्ता चालू कराया।
यह है मामला
बाईपास मार्ग पर ओवरलोड हाईवा बुधवार की भोर में मिर्जापुर की तरफ जा रहा था। इस दौरान खुटहां गांव में सतौहां मोड़ के पास सामने से आ रहे ईंट लदे ट्रैक्टर ट्राली से उसकी भीषण टक्कर हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर- ट्राली समेत सूखे नहर में पलट गया।
हाईवा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से हाईवा के चालक करमा के खैराही निवासी सूरज (22) पुत्र रामपति को घोरावल सीएचसी में भर्ती कराया। सिर में गंभीर चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं अज्ञात ट्रैक्टर चालक का निजी अस्पताल में उपचार कराया गया। घटना के बाद सड़क पूरी तरह जाम हो गया। सूचना मिलने पर घोरावल चौकी प्रभारी शिव कुमार सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे। जेसीबी की मदद से करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद हाईवा को हटवाकर आवागमन चालू कराया।