बभनी। यूपी और छत्तीसगढ़ सीमा पर स्थित गांवों में शनिवार को पुलिस और पीएसी के जवानों ने सघन कांबिंग की। नक्सलियों के बारे में जानकारी लेने के साथ ही जवानों ने लोगों को आगाह किया कि अगर कोई भी संदिग्ध व्यक्ति गांव में नजर आए तो उसकी सूचना तत्काल दें, ताकि कार्रवाई की जाए सके।
पुलिस एवं पीएसी के जवानों ने छत्तीसगढ़ की सीमा से सटे नक्सल प्रभावित गांव छिपिया, आसनडीह, जोबेदह, धनवार आदि में सघन कांबिंग की। बभनी थाने के प्रभारी अजय कुमार सिंह समेत सिपाहियों ने जंगल के रास्ते से गुजर रहे लोगों को रोक कर पूछताछ की और उनकी तलाशी ली। गांव में पहुंचकर ग्रामीणों से वार्ता की। प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि यदि गांव में किसी भी अपरिचित व्यक्ति को देखें तो उसे अपने घरों में पनाह न दें। अगर कोई व्यक्ति किसी भी प्रकार का कोई प्रलोभन देता है या कुछ कहता है तो इसकी सूचना तत्काल थाने को दें। उन्होंने लोगों से कोरोना जैसी महामारी से बचाव के लिए वैक्सीन लगवाने की अपील की। कहा कि किसी के बहकावे में न आएं। वैक्सीन लगने से कोरोना होने पर उसका असर कम रहेगा। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस व पीएसी के जवान शामिल रहे।