सोनभद्र/दुद्धी। हाथीनाला थाना क्षेत्र के जंगल में पति-पत्नी बन चुके प्रेमी युगल की हत्या का पूरा सच अभी सामने आना बाकी है। हाथीनाला थाना क्षेत्र में मिले प्रेमिका के शव की तो पुष्टि हो चुकी है लेकिन दुद्धी कोतवाली क्षेत्र में मिले कंकाल की पुख्ता पहचान के लिए डीएनए परीक्षण की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। अभी तक रिपोर्ट उपलब्ध न होने से असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
बताते चलें कि पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र के मोतीपुर गांव निवासी मुन्नी ने घर वालों की सहमति के बिना क्षेत्र के ही दुखन शाम से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों गुजरात जाकर रह रहे थे। इससे खफा उसके पांच सगे भाइयों ने मिलकर हत्या की साजिश रची। उन्हें धोखे में रखकर ट्रेन से लेकर मिर्जापुर पहुंचे और हत्या कर दी। प्रेमिका का शव हाथीनाला जंगल और प्रेमी का शव दुद्धी कोतवाली क्षेत्र में फेंक दिया गया। युवती का शव घटना के दो दिन बाद हाथीनाला क्षेत्र में मिल गया था। उसके बड़े भाई रोहित कुमार ने इसकी शिनाख्त भी की थी। इसी के कुछ दिन बाद दुद्धी के रजखड़ घाटी में एक युवक का कंकाल मिला था, जिसे प्रेमी दुखन का बताया गया। हालांकि कंकाल इस स्थिति में था कि उससे शिनाख्त नहीं हो पा रही थी। इस मामले में गिरफ्तार मुन्नी के भाई मुन्ना कुमार और राहुल उर्फ सिद्धार्थयाें के बयान के आधार पर पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए दोनों का 10 अक्तूबर को चालान कर दिया था। जबकि फरार भाई राकेश और मुकेश के खिलाफ पिछले दिनों एसपी अभिषेक वर्मा ने 25-25 हजार का इनाम घोषित किया है।
यहां आकर बन गई है असमंजस की स्थिति
दुद्धी क्षेत्र के रजखड़ में मिला शव कंकाल के रूप में था। इसलिए दुद्धी पुलिस की कार्रवाई इस मसले पर आगे नहीं बढ़ पा रही है। युवती की मौत के मामले में हाथीनाला थाने में केस दर्ज है लेकिन दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के मामले में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने या कार्रवाई आगे बढ़ाने के लिए डीएनए रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। अगर डीएनए रिपोर्ट में कंकाल के दुखन का होने की पुष्टि होती है तब तो मसले का पटाक्षेप हो जाएगा। अगर कंकाल किसी और का निकला तब घटनाक्रम नया मोड़ ले लेगा। प्रभारी निरीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना था कि जब तक रिपोर्ट नहीं आ जाती तब तक वह इस बारे में कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं हैं।
अभी डीएनए रिपोर्ट नहीं आई है। पाया गया कंकाल वास्तव में किसका है, इसकी पुष्टि के लिए रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। - राजेश कुमार राय, सीओ दुद्धी।